उत्तर प्रदेश में परंपरागत तरीके से मनाया जा रहा ईद-उल-अजहा का पर्व, मुल्क की तरक्की के लिए मांगी विशेष दुआ

ईद-उल-अजहा यानी बकरीद पर्व पूरे उत्तर प्रदेश में धूम-धाम और परंपरागत तरीके से मनाया जा रहा है। सोमवार सुबह से ही लोग नमाज के लिए पहुंचने लगे थे। बकरीद की नमाज के बाद लोगों ने एक दूसरे को पर्व की लोगों ने बधाई दी। सावन का आखिरी सोमवार होने के कारण शिव मंदिरों में भी भारी संख्या में भक्त पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था के विशेष प्रबंध किये थे। 

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी बकरीद की बधाई

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधान परिषद सभापति रमेश यादव, विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित, सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर, नेता विधानमंडल दल अजय कुमार लल्लू, बसपा प्रदेश अध्यक्ष मुनकाद अली, रालोद के प्रदेश अध्यक्ष डा. मसूद समेत कई प्रमुख नेताओं ने प्रदेशवासियों को ईद-उल-अजहा (बकरीद) की बधाई दी है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सभी देशवासियों और विशेषकर प्रदेशवासियों को बकरीद के अवसर पर हार्दिक शुभकामना देते हुए उनके सुखमय जीवन की कामना की है। आनंदीबेन ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि यह त्याग और बलिदान के प्रति आदर व्यक्त करने वाला पर्व है। हजरत इब्राहिम की कुर्बानी की याद में मनाया जाने वाला पर्व वास्तव में ईश्वर की रजामंदी को प्राथमिकता देते हुए त्याग के मर्म को दर्शाता है।

सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है पर्व

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई संदेश में कहा कि ईद-उल-अजहा का त्यौहार सभी को मिल-जुल कर रहने तथा सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने इस त्यौहार को शांति व आपसी सद्भाव के साथ मनाने की अपील की है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इसको त्याग, बलिदान एवं समर्पण का पर्व बताते हुये बधाई दी है। यादव ने कहा है कि हमें यह दिन मिल-जुलकर सौहार्द के साथ मनाना चाहिए।

बसपा की अध्यक्ष मायावती और सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी है। मायावती ने अपने संदेश में कहा है कि समस्त देशवासियों व खासकर यूपी के मुस्लिम समाज के हर उम्र के लोगों को ईद-उल-अजहा की दिली मुबारकबाद।

रामपुर में बेटे के साथ नमाज पढ़ने पहुंचे आजम 

रामपुर में ईद उल अजहा पर ईदगाह में नमाज के लिए लोग उमड़े। इस दौरान रामपुर की ईदगाह में नमाज पढ़ने के लिए सपा सांसद आजम खां और उनके बेटे विधायक अब्दुल्ला आजम भी पहुंचे। मुरादाबाद और अलीगढ़ में भी लोगों ने बकरीद की नमाज के बाद एक-दूसरे को बधाई दी। पीलीभीत में ईदगाह पर लोगों ने बकरीद की नमाज पढ़ी। इस दौरान ईदगाह के बाहर पुलिस फोर्स के साथ ही डीएम एसपी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।मस्जिदों में भी पुरसुकून माहौल में ईद की नमाज अदा की गई।

बरेली में ईदगाह में ईद-उल-अजहा की नमाज सुबह 10 बजे से शुरू हुई। शहर काजी असजद रजा कादरी ने पढ़वाई। शहर के मुस्लिम समाज के लोगों ने काफी संख्या में यहां पहुंचकर ईद की नमाज अदा की। नमाज में मुल्क और कौम की तरक्की की विशेष दुआ हुई।

शिया-सुन्नी समुदाय ने एक साथ पढ़ी नमाज 

लखनऊ में शिया-सुन्नी समुदाय ने शाहनजफ इमामबाड़े में एक साथ बकरीद की नमाज पढ़कर भाईचारे का संदेश दिया। हर साल की तरह इस बार भी शिया-सुन्नी समुदाय के लोग एक साथ ईद-उल-अजहा की नमाज अदा कर एकता की मिसाल पेश की। शोल्डर टू शोल्डर के तहत सोमवार को सुबह आठ बजे हजरतगंज स्थित इमामबाड़ा शाहनजफ में ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की गई। शहर की सभी मस्जिदों में भी बकरीद की नमाज अदा की। शहर की सबसे बड़ी जमात ऐशबाग ईदगाह, आसिफी मस्जिद व टीले वाली मस्जिद में लगी।

सैकड़ों सिर खुदा की इबादत में झुके

आगरा के सफेद संगमरमरी ताजमहल के साये में सैकड़ों सिर खुदा की इबादत में झुके। बकरीद की नमाज अदा करने के बाद लोग गले मिले, दिल मिले और जुबां से निकला ईद मुबारक। ईद की खुशियां शहर में दिखाई दे रही हैं। इबादतगाहों पर पहुंचकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी शहरवासियों को बकरीद की मुबारकबाद दी। ताजमहल सोमवार को ईद-उल-जुहा की नमाज के लिए तीन घंटे फ्री रखा गया था। सुबह सात से 10 बजे तक देसी-विदेशी सैलानियों को स्मारक में निश्शुल्क प्रवेश मिला। ताजमहल पर सुबह 8 बजे से लोग नमाज के लिए जुटने लगे थे। करीब 8.45 बजे नमाज अदा की गई। खुदा की इबादत में झुकते सिर और इसके बाद त्‍योहार की खुशियां, विदेशी पर्यटकों को आकर्षित कर रहा था।

मंत्री मोहसिन रजा ने पत्नी और बच्चों संग बालगृह में मनाई ईद

यूपी सरकार के मंत्री मोहसिन रजा ने अपनी पत्नी फौजिया मोहसिन और दोनों बच्चे अली जाफिर मोहसिन और युम जहरा मोहसिन के साथ राजकीय बालगृह, प्रयागनारायन रोड लखनऊ में जाकर बच्चों के साथ मनाई ईद। बच्चों को चॉकलेट और मिठाइयां उपहार की। बच्चों ने उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री को परिवार संग अपने बीच पाया तो इतना घुल मिल गए।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *