नई दिल्ली, एएनआइ। हरियाणा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी अपनी पूरी ताकत झौंक रही है। भाजपा जहां हरियाणा में रिकॉर्ड जीत का दावा कर रही है, वहीं कांग्रेस भी पूरे दमखम से आगे बढ़ रही है। हरियाणा के चुनावी दंगल में आज भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नजर आएंगे। पीएम मोदी आज हरियाणा में दो रैली करेंगे। दूसरी ओर यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी भी आज हरियाणा में एक चुनावी सभा को संबोधित करेंगी।
अगामी विधानसभा चुनाव के लिए सोनिया गांधी की यह पहली सभा है। कांग्रेस के लिए हरियाणा विधानसभा चुनाव क्या मायने रखता है, इससे अंदाजा लगाया जा सकता है। सोनिया आज महेंद्रगढ़ में रैली को संबोधित करेंगी, जिसकी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। राहुल गांधी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद सोनिया गांधी की जिम्मेदारियां काफी बढ़ गई हैं। ऐसे में पार्टी को विधानसभा चुनावों में जीत दिलाकर नई ऊर्जा का संचार करने की जिम्मेदारी भी कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष पर है।
वहीं, पीएम मोदी आज हरियाणा में दो चुनावी सभाओं को संबोधित करने जा रहे हैं। पीएम मोदी गोहाना और हिसार में चुनावी सभा करेंगे। यह पहली बार नहीं है कि उनकी हरियाणा में दो-दो रैलियां एक ही दिन हों। इससे पहले भी वह लगातार हरियाणा में दो-दो रैलियां कर चुके हैं। हरियाणा में पीएम मोदी की दो-दो रैलियां यह दर्शाती हैं कि भाजपा इस राज्य में विधानसभा चुनाव को लेकर कितनी गंभीर है। हालांकि, प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर यह दावा कर रहे हैं कि वह पहले से भी ज्यादा सीटें जीत कर रिकॉर्ड बनाएंगे।
गौरतलब है कि हरियाणा और महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। मतगणना 24 अक्टूबर को होगी और साफ हो जाएगा कि हरियाणा और महाराष्ट्र में किसकी सरकार बनने जा रही है।