रामपुर में हिरासत में फर्जी पोलिंग एजेंट, सात पर गड़बड़ी करने का आरोप

 उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 11 सीटों के उप चुनाव में मतदान शुरु हो गया है। पहले दो घंटा में कुल 8.43 प्रतिशत मतदान हो गया। लखनऊ की लखनऊ कैंट में सिर्फ 3.70 तथा कानपुर की गोविंदनगर विधानसभा सीट पर 5.50 प्रतिशत लोग ही मतदान करने बाहर निकले।

मतदान सात बजे शुरू हो गया जो कि शाम छह बजे तक चलेगा। पहले दो घंटा में सहारनपुर के गंगोह में 11, रामपुर के रामपुर सदर में छह, अलीगढ़ के इगलास में नौ, लखनऊ के लखनऊ कैंट में 3.70, कानपुर के गोविंदनगर में 5.50, चित्रकूट के मानिकपुर में 7.50, प्रतापगढ़ के प्रतापगढ़ सदर में 11, बाराबंकी के जैदपुर में नौ, अम्बेडकरनगर के जलालपुर में 11, बहराइच के बलहा में 11 तथा मऊ के घोसी विधानसभा क्षेत्र में नौ प्रतिशत मतदान हुआ है। 

रामपुर हिरासत में फर्जी पोलिंग एजेंट, सात पर गड़बड़ी करने का आरोप

रामपुर में  मतदान में गड़बड़ी करने वालों पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। रजा डिग्री कॉलेज में मतदान केंद्र से एक फर्जी पोलिंग एजेंट को हिरासत में लिया है। वह अपना आइडी प्रूफ नहीं दिखा पाया। वहीं बबनपुरी बूथ पर मतदान के दौरान गड़बड़ी करने वालों को पुलिसकर्मियों ने दौड़ा दिया। डीएम रामपुर आन्जनेय कुमार सिंह ने बताया कि दो संदिग्ध लोग बूथ के पास पकड़े गए हैं, जिनसे पूछताछ जारी है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। शहजादनगर और सिविल लाइन्स थाना पुलिस ने भी सात लोगों को मतदान में गड़बड़ी करने के आरोप में हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

बूथ पर BLO का हंगामा, भाजपा प्रत्याशी पर लगाया अभद्रता का आरोप 

रामपुर के  बाकर इंटर कॉलेज के बूथ पर तैनात बीएलओ तब भड़क गईं, जब वहां पहुंचे भाजपा प्रत्याशी भारत भूषण गुप्ता ने उन्हें वोटर पर्ची न बांटने को लेकर हड़का दिया। प्रत्याशी के जाने के बाद बीएलओ ने हंगामा किया। आरोप लगाया कि प्रत्याशी ने उनसे अभद्र व्यवहार किया। एक बीएलओ मंजू (आंगनबाड़ी कार्यकर्ता) का कहना था कि भाजपा प्रत्याशी उन पर दबाव बना रहे थे। वहां मौजूद सभी बीएलओ का कहना था कि ऐसे माहौल में वे काम नहीं करेंगी।

9 बजे तक मतदान प्रतिशत 

गंगोह में 9 बजे तक 11 फीसदी मतदान।

रामपुर में 9 बजे तक 6 फीसदी मतदान।

इगलास में 9 बजे तक 9 फीसदी मतदान।

लखनऊ कैंट में 9 बजे तक 3.70% मतदान।

गोविंदनगर में 9 बजे तक 5.50% मतदान।

मानिकपुर में 9 बजे तक 7.50% मतदान।

प्रतापगढ़ में 9 बजे तक 11 फीसदी मतदान।

जैदपुर में 9 बजे तक 9 फीसदी मतदान।

जलालपुर में 9 बजे तक 10 फीसदी मतदान।

बल्हा में 9 बजे तक 11 फीसदी मतदान।

घोसी में 9 बजे तक 9 फीसदी मतदान।

कानपुर के गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र में दो घंटा में 5.50 फीसद वोटिंग  

कानपुर के गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र में सुबह सात बजे से 349 बूथों पर मतदान जारी है। सुबह नौ बजे तक 5.50 फीसद वोटिंग हो चुकी थी। यहां 3.59 लाख मतदाताओं को नौ उम्मीदवार मैदान में किस्मत का फैसला करना है। सुबह कुछ बूथों पर ईवीएम में समस्या के चलते तकनीकी टीम को भेजा गया। कानपुर पब्लिक इंटर कालेज में परिवार के साथ भाजपा उम्मीदवार सुरेंद्र मैथानी ने मतदान किया। सुबह बूथ नंबर 205 महात्मा गांधी इंटर कॉलेज विजय नगर में ईवीएम में समस्या आई। महात्मा गांधी इंटर कॉलेज विजय नगर में ईवीएम और वीवीपैट की कनेक्टिविटी नहीं होने पर वीवीपैट बदला गया। कानपुर पब्लिक स्कूल इंटर कॉलेज के बूथ नंबर 22-23 में ईवीएम की लाइन गड़बड़ होने पर करीब 15 मिनट तक मतदान बाधित रहा। पनकी के विद्युत परिषद इंटरमीडिएट कॉलेज, सीवी रमन इंटर कॉलेज, सिटी मॉडल स्कूल, हरमिलाप मिशन स्कूल में दिव्यांग मतदाताओं को व्हील चेयर न होने से समस्या हुई। इस बारे में निर्वाचन कंट्रोल रूम में शिकायतें मिलती रहीं। इसपर निर्वाचन अधिकारियों के निर्देश पर व्हील चेयर भिजवाई गईं। छह बूथों पर बदले गए वीवीपैट। बूथ संख्या 205 महात्मा गांधी हायर सेकेंडरी स्कूल विजयनगर, 338 विशंभर नाथ बालिका विद्यालय बर्रा सात, 233 कानपुर उत्पादकता परिषद, दादा नगर, 247 प्रकाश विद्या मंदिर दबौली, 253 प्रकाश विद्या मंदिर दबौली, 263 विशम्भर नाथ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रतनलाल नगर, 174 नगर महाविद्यालय प्राविधिक स्कूल शास्त्री नगर में वीवीपैट बदला गया।

अलीगढ़ के इगलास विधानसभा क्षेत्र में नौ बजे तक नौ फीसद मतदान, दस बूथों पर सन्नाटा

इगलास विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव का जोश बढ़ता जा रहा है। कई जगह ईवीएम खराब होने चुनाव देरी से शुरू हुआ है। फिलहाल कहीं भी हंगामा की कोई सूचना नहीं है। 10 बूथों पर अभी मतदान शुरू नहीं हो सका है। कहीं विकास कार्य न होने से मतदाता नाराज हैं  तो कहीं छुट्टा पशुओं को न पकड़े जाने से गांव हसनगढ़, धारा की गढ़ी व दोंकोली,  नवलपुर, अहल्दा, गड़ाखेड़ा के बूथों पर सन्नाटा है। धाराकी गढ़ी  में अभी तक एक भी वोट नहीं पड़ा है। यहां के मतदाता किसी बड़े नेता के आश्वासन का इंतजार कर रहे हैं।

बेसवां के गांव कपूरा खेड़ा, नवलपुर में लोगों को अधिकारी समझाने में जुटे हैं। यहां के मतदाता किसी बड़े नेता के आश्वासन का इंतजार कर रहे हैं। बेसवां के गांव कपूरा खेड़ा, नवलपुर में लोगों को अधिकारी समझाने में जुटे हैं। इगलास उपचूनाव के लिए सुबह 7 बजे मतदान शुरू। कई जगह ईवीएम खराब होने चुनाव देरी से शुरू हुआ है। फिलहाल कहीं भी हंगामा की कोई सूचना नहीं है।  यहां पर एक-दो गांव के लोग मतदान का बहिष्कार कर रहे हैं।

गंगोह विधानसभा क्षेत्र में सुबह 9:00 बजे तक 11% मतदान

सहारनपुर के गंगोह विधानसभा उप चुनाव में तीतरों के सरस्वती इंटर कॉलेज में बने आदर्श मतदान केंद्र पर समय से वोटिंग शुरू हो गई। आठ बजे तक नानौता में मतदान 346, 347 व 348 पर मात्र दो मतदाता ही पहुंचे। नानौता नगर के मोहल्ला शेख जादगान निवासी हाजी फखरे आलम का आरोप है कि मतदाता पर्ची घर नहीं पहुंचने के कारण मतदाता पर्ची के लिए उन्हें भटकना पड़ रहा है। फोटो युक्त मतदाता पर्ची होने पर, बिना किसी आई डी के मत डालने पहुंचे कुछ मतदाताओ को सुरक्षाकर्मियों ने वापस लोटाया, जबकि यहां मतदाता पूर्व में हुए चुनाव में केवल इसी पर्ची पर वोट डालने का हवाला देते हुए मतदान की अनुमति मांगते रहे। इनको सुरक्षा कर्मियों ने इजाजत नहीं दी। नानौता क्षेत्र के गांव काशीपुर प्राइमरी विद्यालय में बने मतदान केंद्र के नंबर 325 पर मतदान शुरू होते ईवीएम मशीन के नहीं चलने पर सेक्टर मजिस्ट्रेट ने तुरंत बदलवाया। गंगोह विधान सभा उप चुनाव के लिए शांतिपूर्वक मतदान शुरू हो गया था। पहले घंटे में कही काम तो कही ज्यादा भीड़ वोट देने पहुंची। क्षेत्र के गांव बेरखेड़ी मुसलमान व खेरसाल में शुरू में एक भी वोटर नही पहुंचा। सुरक्षा बल मुस्तेद रहे। पहले घंटे में इस क्षेत्र से किसी भी ईवीएम के खराब होने की सूचना नही है। कुछ मतदाताओ ने पर्ची घर न पहुंचने की शिकायत भी की। मतदान केंद्रों पर वोटर इस बार देर से निकल रहे हैं। नानौता के मतदान केंद्र पर वृद्धा बीमारी की हालत में मतदान करने पहुंची थी।

रामपुर में विधानसभा उपचुनाव में मतदाता पहले एक घंटा में सुस्त

आजम खां के इस्तीफे से रिक्त रामपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। सुबह सात बजते ही मतदान केंद्रों पर मतदाता नजर आने  लगे। नगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में सुबह सात बजे मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या कम रही। उसके बाद धीरे-धीरे मतदान की गति आगे बढ़ रही है। यहां सभी वर्ग के लोगों में मतदान के प्रति उत्साह देखने को मिल रहा है। लोकतंत्र के इस पर्व में खासकर मुस्लिम महिलाएं बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। इस सीट पर मुस्लिम मतदाताओं की संख्या सबसे ज्यादा है। आजादी के बाद से अब तक इस सीट पर मुस्लिम प्रत्याशी ही जीतते रहे हैं।

इनके अलावा युवाओं से लेकर वरिष्ठजनों और दिव्यांगों में भी मतदान के प्रति उत्साह देखने को मिल रहा है। राजकीय मुर्तजा इंटर कॉलेज में बने केंद्र पर अभी चंद मतदाता ही आए हैं। रामपुर शहर विधानसभा क्षेत्र  से आजम खां नौ बार विधायक रह चुके हैं। इस साल वह सांसद का चुनाव लड़े और जीत गए। इसके बाद उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। आजम की पत्नी राज्यसभा सदस्य डॉ. तजीन फात्मा सपा की प्रत्याशी हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी से भारत भूषण गुप्ता उम्मीदवार हैं। कांग्रेस ने अरशद अली खां  गुड्डू और बहुजन समाज पार्टी ने जुबैर  मसूद खान को प्रत्याशी बनाया है। यहां मतदान केंद्रों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की छतों पर एलएमजी से लैस जवान तैनात हैं। इनके साथ पुलिसकर्मी, सीआरपीएफ और पीएसी के जवान भी हैं।

प्रतापगढ़ में भी जोश नहीं

प्रतापगढ़ सदर विधानसभा सीट पर आज हो रहे उप चुनाव में प्राथमिक विद्यालय पूरे पीताम्बर बूथ संख्या 211 पर मतदान दस मिनट देरी से शुरू हुआ। यहां पर वोटर मतदान करने पहुंचे तो 7:10 बजे से मतदान शुरू हो सका।

अम्बेडकरनगर में आठ ईवीएम में गड़बड़ी

अम्बेडकरनगर के जलालपुर विधानसभा उप चुनाव में प्रात: आठ बजे तक बूथों पर मॉक पोल के दौरान आठ बूथों पर ईवीएम मशीन में गड़बड़ी मिली। जिनमें बूथ 174 जैनापुर, बूथ 303 फतेहपुर, बूथ 302 पर्वतपुर, बूथ 48 बलुआ बहादूरपुर, बूथ 93 कालेपुर महूवल, बूथ 72 लखनिया, बूथ 273 भियाव व बूथ संख्या 41 पर ईवीएम खराब मिली।

जानकारी पर उप निर्वाचन अधिकारी धीरेन्द्र श्रीवास्तव के निर्देश पर तत्काल मशीनों को बदला तो गया मगर चहुंओर अफरातफरी मची रही। इससे मतदाताओं में काफी गुस्सा देखा गया। 8.25 पर कंट्रोल रूम का जायजा लेते अपर जिलाधिकारी ने मौके बीडीओ  व चुनाव कार्यालय में अनिल तिवारी व अंकिता को आवश्यक  निर्देश दिए।

बहराइच के बलहा में भी मतदान ने गति पकड़ी

बहराइच जिला के बलहा उपचुनाव में सुजौली बूथ संख्या 39 में कंट्रोल यूनिट खराब हो गई। इसी सूचना पर तत्काल मशीन को बदलने के साथ दूसरी कंट्रोल यूनिट मशीन भी भेजी गई।

घोसी में पहले घंटा में सुस्ती

मऊ के विधानसभा घोसी के उप चुनाव में मतदाता सोमवार की सुबह सात बजे से 11 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं। सुबह से ही मतदान केंद्रों में मतदाताओं की भीड़ लगनी शुरू हुई। समूहों में आकर लोग वोट देने लगे। सुबह आठ बजे तक मतदान काफी धीमा था। दिन चढऩे तक लोग बूथों की ओर अधिक आएंगे।

मानिकपुर में लोग उत्साहित

चित्रकूट की मानिकपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए सुबह सात बजे से मतदान की शुरुआत हो गई। राजापुर, मऊ, बरगढ़ से लेकर मानिकपुर तक के लोगों में पहला वोट डालने को लेकर उत्साह दिखाई पड़ा। लोग सुबह वोट डालने के लिए पहुंच गए। कुछ बूथों पर समस्या के चलते देरी से मतदान शुरू हो सका। पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है और संवेदनशील मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। चौराहों पर फोर्स तैनात किया गया है। प्राथमिक विद्यालय राजापुर के भाग संख्या 10 व 11 में बिजली की दिक्कत के कारण 7.20 बजे के बाद वोटिंग शुरू हो सकी। राजकीय बालिका इंटर कालेज के भाग छह में प्रिंस केशरवानी ने पहला वोट डाला। भाग संख्या पांच में राजरानी ने पहला वोट डाला है। सभी को पीठासीन अधिकारी ने प्रमाणपत्र दिए। इसी तरह प्राथमिक विद्यालय भाग संख्या 12 में प्रथम वोट शंकर दयाल ने डाल कर प्रमाणपत्र हासिल किया। बरगढ़ में पूर्व माध्यमिक विद्यालय कलचिहा में पहला वोट डालकर प्रमाण पत्र पाया।

उपचुनाव के लिए कुल 109 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनकी किस्मत का फैसला इन सीटों के कुल 41,08,328 मतदाता करेंगे जिनमें 22,13,466 पुरुष, 18,94,724 महिला और 138 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव के लिए कुल 4529 पोलिंग बूथ और 2307 मतदान केंद्र बनाए हैं। क्रिटिकल बूथों की निगरानी के लिए 429 बूथों पर वेबकास्टिंग भी कराई जा रही है। मतदान पर नजर रखने के लिए निर्वाचन आयोग ने 11 सामान्य प्रेक्षक और इतने ही व्यय प्रेक्षक तैनात किए हैं। इनके अलावा 337 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 60 जोनल मजिस्ट्रेट, 471 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 520 माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात हैं। उपचुनाव में 5435 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की कंट्रोल यूनिट, 5435 बैलट यूनिट और 5888 वीवीपैट पर मतदान हो रहा है। शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न कराने को पर्याप्त अर्धसैनिक बल तैनात है। चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए 1142 भारी वाहन, 1263 हल्के वाहन और 21,584 मतदान कार्मिक लगाए गए हैं।

सीट-        प्रत्याशी- पोलिंग बूथ- मतदाता

गंगोह –        11         426         369317

रामपुर –         7        428         390636

इगलास –        7        458         374733

लखनऊ कैंट  13       344         385072

गोविंदनगर      9        349         359343

मानिकपुर      9         410         338116

प्रतापगढ़      11         368         336989

जैदपुर        7          445        379827

जलालपुर      13        438        393038

बलहा           11         409       357305

घोसी             11       454          423952।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking News