Yogi Cabinet Expansion : यूपी सरकार में घट गई महिलाओं की भागीदारी…अब रह गईं सिर्फ चार

 राज्य मंत्रिमंडल के पहले विस्तार के बाद योगी सरकार में महिलाओं की भागीदारी घट गई है। बुधवार को हुए विस्तार के बाद टीम योगी में महिलाओं की संख्या पांच से घटकर चार हो गई है। तीन महिलाओं को विभिन्न कारणों से जहां मंत्रिमंडल छोड़ना पड़ा, जबकि दो महिलाओं को ही जगह दी गई है। 

योगी सरकार में पांच महिलाओं को मंत्री बनाया गया था। डॉ.रीता बहुगुणा जोशी ने कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली थी। उन्हें महिला कल्याण और पर्यटन जैसे विभाग सौंपे गए थे। वहीं अनुपमा जायसवाल और स्वाती सिंह को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) का दर्जा दिया गया था। अनुपमा को बेसिक शिक्षा और बाल विकास एवं पुष्टाहार विभागों का जिम्मा सौंपा गया था, जबकि स्वाती के पास एनआरआइ, कृषि निर्यात व विपणन जैसे महकमों का दायित्व है। इनके अलावा अर्चना पांडेय और गुलाब देवी को राज्य मंत्री बनाया गया था। अर्चना पांडेय को भूतत्व एवं खनिकर्म और गुलाब देवी को समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री का ओहदा दिया गया था।

सत्रहवीं लोकसभा के चुनाव में इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र से निर्वाचित होने के बाद डॉ.रीता बहुगुणा जोशी ने मंत्री पद छोड़ दिया। वहीं मंत्रिमंडल विस्तार से पहले मंगलवार को अनुपमा जायसवाल और अर्चना पांडेय को मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। तीन महिला मंत्रियों की विदाई के बाद सरकार में महिलाओं की संख्या घटकर दो रह गई थी। मंत्रिमंडल विस्तार में दो नए महिला चेहरों को शामिल किया गया है।

कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र की विधायक कमल रानी वरुण ने जहां कैबिनेट मंत्री की शपथ ली, वहीं इसी जिले की कल्याणपुर सीट से विधायक नीलिमा कटियार को राज्य मंत्री बनाया गया। योगी सरकार में पहले एक कैबिनेट मंत्री, दो राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और दो राज्य मंत्री महिलाएं थीं। अब एक कैबिनेट और एक राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के अलावा राज्य मंत्री के पद पर दो महिलाएं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *