पुलिस की वर्दी का हमेशा एक ही धर्म है, आम जनता की सुरक्षा : CM योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पुलिस की वर्दी का हमेशा एक ही धर्म होता है, वह है आम जनता की सुरक्षा। इसलिए पुलिस की वर्दी पहनने वाले सभी कर्मियों को अपनी वर्दी का पूरा सम्मान करना चाहिए। पुलिस को जनता की समस्याओं का समाधान करने के लिए न्यायोचित कार्य करने चाहिये। हमने पुलिस बल के आधुनिकीकरण व सशक्तीकरण के लिए बजट में वृद्धि की है। हमारा प्रयास है कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश पुलिस की अपनी एक अकादमी हो, जिससे वह हर परिस्थिति का सामना करने में सक्षम बने। हमें न्याय की प्रक्रिया को समयबद्ध करना होगा।

मौका था, सोमवार को नए पुलिस मुख्यालय के उद्घाटन का। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच नारियल फोड़ा। इससे पहले सीएम योगी ने परिसर में पीपल कापौधा रोपित किया।  

इस दौरान सीएम ने कहा कि विगत ढाई वर्ष के दौरान पुलिस बल के साथ जुडऩे और उनकी कार्य पद्धति को बहुत नजदीक से देखने का अवसर मिला है। आज के समय में सुरक्षा का वातावरण जो बना है, उसका ही परिणाम है कि प्रदेश में एक लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव को जमीन पर उतारने में कामयाब हुए हैं। आज रूस के उद्यमी भी यूपी में प्रवेश करने के इच्छुक हैं।

सुरक्षा का वातावरण ही चौमुखी विकास के लिए संभव है। आज इस दिशा में प्रदेश सरकार ने एक और सशक्त कदम उठाया है। कुंभ के दौरान प्रदेश सरकार ने बेहतर सुरक्षा, उत्तम स्वच्छता व बेहतरीन यातयात सुविधाओं का नया उदाहरण पेश किया। एक सप्ताह के अंदर प्रदेश को दो नये पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय प्राप्त हुए हैं, जो एक बड़ी उपलब्धि है। इन दो नये पुलिस प्रशिक्षण विद्यालयों को मिलाकर वर्तमान में प्रदेश में 11 पुलिस विद्यालय हो चुके हैं।

प्रभावी बनाने को दिया जा रहा प्रशिक्षण
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा पुलिस बल का सुदृढ़ीकरण और आधुनिकीकरण किया जा रहा है। पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के लिए पुलिस विभाग में अधिक से अधिक पदोन्नतियां की जा रही हैं। साथ ही, पुलिस बल को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे पुलिस कानून-व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू कर सकेगी एवं सुरक्षा की चौकस व्यवस्था भी सुनिश्चित कर सकेगी। सीएम ने कहा कि आज अपराध के तरीकों में बहुत बदलाव आया है। इसलिए पुलिस को सतर्क रहते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।

आधुनिकीकरण के दृष्टिगत हर मंडल में होगी फोरेन्सिक लैब्स स्थापित 
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज कुंभ-2019, 15वें प्रवासीय भारतीय दिवस एवं लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2019 को सफलतापूर्वक सम्पन्न किये जाने में पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने कड़ी मेहनत की, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। उन्होंने प्रदेश में पुलिस भर्ती के लिए अपनाई गई पारदर्शी प्रक्रिया की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश पुलिस के आधुनिकीकरण के दृष्टिगत हर मंडल में फोरेन्सिक लैब्स स्थापित की जायेंंगी राज्य सरकार द्वारा ड्यूटी के दौरान शहीद होने पर पुलिसकर्मियों के आश्रितों को उनके सेवाकाल तक वेतन के बराबर पेंशन दी जाने की व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *